संगम किंग्स का दमदार जलवा, SPL-6 का खिताब 56 रन से किया अपने नाम

भीलवाड़ा समाचार 
भीलवाड़ा (महेन्द्र नागौरी) संगम प्रीमियर लीग (SPL) सीजन-6 के रोमांचक फाइनल मुकाबले में संगम किंग्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए संगम फैंटम को 56 रनों से हराकर खिताब पर कब्जा जमा लिया। मुकाबले में किंग्स का हर विभाग में दबदबा देखने को मिला।
पहले बल्लेबाजी करते हुए संगम किंग्स ने 7 विकेट के नुकसान पर 157 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए सोहिल नाहर ने 47 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि कप्तान बाबू ने 36 रनों का अहम योगदान देकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
158 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी संगम फैंटम की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई और पूरी टीम 101 रनों पर सिमट गई। किंग्स की ओर से चेतन चौहान ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का खिताब अपने नाम किया।
टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए संगम रॉयल्स के सुशील सेन को ‘ऑरेंज कैप’, ‘मोस्ट सिक्स’ और ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ जैसे तीन बड़े अवॉर्ड से नवाजा गया। वहीं सर्वाधिक विकेट लेने पर शुभम शर्मा को ‘पर्पल कैप’ से सम्मानित किया गया।
PRO राजकुमार जैन ने बताया कि SPL-6 का शुभारंभ 25 मार्च को हुआ था, जिसमें संगम समूह की 6 टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का उद्देश्य कर्मचारियों में खेल भावना, टीमवर्क, अनुशासन और आपसी समन्वय को बढ़ावा देना रहा।
समापन समारोह में संगम समूह के वाइस चेयरमैन डॉ. एस.एन. मोदानी, एमडी अनुराग सोनी, सीईओ प्रणाल मोदानी सहित कई गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में विजेताओं को सम्मानित किया गया।